
UP Chunav 2022: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) आज बीजेपी पर जमकर बरसे. उन्होंने रामपुर के विलासपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी सिर्फ झूठ बोलती है. बीजेपी का छोटा नेता है तो छोटा झूठ बोलता है, बड़ा नेता है तो बड़ा झूठ बोलता है और सबसे बड़ा नेता है तो सबसे बड़ा झूठ बोलता है. उन्होंने कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है.
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि पहले चरण का चुनाव खत्म हो गया है पश्चिम के लोगों ने बीजेपी की खाट खड़ी कर दी है. बाकी चरणों में बीजेपी का पूरा सफाया हो जाएगा. इसी दौरान उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए और जेल भेजा गया.
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि जिस गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने किसानों पर थार चढ़ाई उसे आज खुलेआम छोड़ दिया गया है. लखीमपुर खीरी केस में आरोपी आशीष मिश्रा टेनी को अदालत ने गुरुवार को जमानत दी थी.
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा, ”ये पहला चुनाव है जब आजम खान (Azam Khan) साहब नहीं हैं. सोचिए कि उनपर कैसे मुकदमे लगे हैं. उनपर बकरी चोरी का, भैंस चोरी का, किताब चोरी का मुकदमा लगा है. उनके खिलाफ केस झूठे हैं. मैं कहना चाहता हूं कि झूठे मुकदमे की उम्र लंबी नहीं होती है. सही है कि परेशानी में हैं, उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है. अब्दुल्ला को भी उठानी पड़ी है. बीजेपी उन्हें परेशान कर रही है. हमें कोर्ट पर भरोसा है. सभी झूठे मुकदमे हटाए जाएंगे.”
उन्होंने आगे कहा, ”जिसने थार जीप चढ़ाई उसे खुलेआम घूमने का मौका मिल रहा है. किसानों की जान चली गई, अगर कोई जिम्मेदार है तो वह है गृह राज्यमंत्री और उसका बेटा. सरकार ने कोर्ट में पैरवी ठीक नहीं की.”
ये भी पढ़ें- Raebareli News: रायबरेली सदर सीट पर वोटों की जंग देखने लायक होगी।
Source link
https://www.indiatimesnewstoday.com/up-chunav-2022-akhilesh-yadav-lashed-out-at-bjp-today/